पंजाबी बाग में CNG पंप के सेल्समैन का मर्डर
झुग्गी में रहने वालों से हुआ झगड़ा दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
अभिषेक कपूर, नई दिल्ली।
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग थाना इलाके में होली की शाम हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें विकास चंद्र नाम के शख्स की पीट-पीटकर हत्या का आरोप है। पुलिस ने दो आरोपियों करण और अर्जुन को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी वेस्ट घनश्याम बंसल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम 4:45 बजे के आसपास महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल पंजाबी बाग से पुलिस को सूचना मिली थी। एक शख्स को लाया गया था जो मृत हालत में था। वह दिल्ली के दौलतपुर का रहने वाला था।
पूछताछ में पुलिस को मौके पता चला कि मृतक विकास सीएनजी पंप पर सेल्समैन का काम करता था। लगभग 4:00 बजे के आसपास जब वह पास की दुकान पर कुछ सामान खरीदने गया था। उसी दौरान रास्ते मे उसकी किसी बात को लेकर झुग्गी में रहने वाले दो लड़कों से बहस हो गई और झगड़ा होने लगा। इसी बीच वह जमीन पर गिर गया, तो उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।