पूजा-हवन सामग्री वाले व्यवसाई को धोखा, पुणे से पुलिस ने ऐसे दबोचा ?
पुणे का एनिमेशन आर्टिस्ट गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस की 5 दिन चली महाराष्ट्र में रेड बिजनेसमैन से लाखों की धोखाधड़ी
अनुभव गुप्ता, नई दिल्ली।
उत्तरी जिला के साइबर सेल थाना की पुलिस टीम ने चिटिंग के एक और बड़े मामले का खुलासा किया है। इसमें पुणे के रहने वाले एक एनिमेशन आर्टिस्ट को गिरफ्तार किया गया है। जो दिल्ली के बिजनेसमैन को पूजा और हवन की सामग्री को कम रेट पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे लाखों की ठगी किया करता था।
डीसीपी सागर सिंह कलसी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पियूष शर्मा के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला है। इसके खिलाफ सदर बाजार के होलसेलर ने साइबर थाना में मामला दर्ज करवाया था। उसने लगभग पौने 2 लाख रुपये की चीटिंग का आरोप लगाया था। साइबर सेल थाना के एसएचओ पवन तोमर की पुलिस टीम ने इस आरोपी को पुणे में रेड करके वहां से गिरफ्तार किया है। इसके लिए पुलिस को वहां महाराष्ट्र में कई जगह कई दिनों तक खाक छाननी पड़ी थी। तब जाकर यह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया।
अभी तक की पूछताछ में तीन और मामलों का पता चला है। सदर बाजार के जिस होलसेलर के साथ इसने चीटिंग की वारदात को अंजाम दिया था, वह बड़े लेवल पर बिजनेस डील करता है। इन्होंने 1200 किलो पूजा की सामग्री का आर्डर दिया था। इसके लिए चीटर ने करीब पौने 2 लाख की चपत लगा दी थी।
जब बिजनेसमैन को लगा कि वह ठगी का शिकार हो गया है, तो फिर उसने साइबर थाने में कंप्लेन दर्ज कराई। उसके बाद फिर मामले की छानबीन शुरू की गई और पुलिस ने फिर गिरफ्तार किया। ठगी के जिन 3 और मामलों का पुलिस को पता चला है उसके बारे में भी डिटेल खंगाला जा रहा है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अब तक कितने बिजनेसमैन को यह टारगेट कर चुका है।