CM योगी ने गोरखनाथ मंदिर में लगाया जनता दरबार, जमीन कब्जा करने पर सख्ती
योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। मंदिर के हिन्दू सेवाश्रम में सीएम योगी एक-एक कर 200 की संख्या में आई महिलाओं एवं पुरुषों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार लगाया। मंदिर के हिन्दू सेवाश्रम में सीएम योगी एक-एक कर 200 की संख्या में आई महिलाओं एवं पुरुषों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। सीएम ने वहां मौजूद अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन और जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तरण किया जाए।
इस बार भी जनता दर्शन में महिलाएं अधिक पहुंची। अधिकांश शिकायतें पुलिस और जमीनी विवाद से जुड़ी हुई रहीं। सीएम योगी ने कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने जमीन कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए।
सीएम ने मंदिर में किया पूजा- पाठ
शुक्रवार की सुबह महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेक आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर का भ्रमण कर और गोशाला में गो सेवा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके बाद जनता दर्शन के लिए हिन्दू सेवाश्रम पहुंचे। जनता दर्शन से निकलकर सीएम साधना भवन पहुंचे। जहां उन्होंने अपने श्वान कालू और गुल्लू को प्यार दुलार दिया।