विजय कुमार, जमुई ।
जमुई जिला के सिकंदरा मुख्य मार्ग स्थित अगहरा इलाके में ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक छात्र सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों के द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर के द्वारा इलाज किया जा रहा है।
दोनों घायलों की पहचान विक्रम कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है। ये लखीसराय जिला के मननपुर इलाके के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों अपने घर से बाइक के द्वारा मननपुर से इंटर का प्रैक्टिकल एग्जाम देने के लिए जमुई के खैरा के लिए निकले थे।
लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण दोनों सिकंदरा पहुंच गए। सिकंदरा पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें यह जानकारी दी की यह खैरा नहीं है। जानकारी मिलने के बाद दोनों युवक सिकंदरा से खैरा एग्जाम सेंटर के लिए अपने बाइक से आ रहे थे।
उसी दौरान अगहरा के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह दोनो गंभीर रूप से घायल हो गये। फिर दोनो घायलों को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इनके परिजन सुनील कुमार ने बताया कि घायल संजीव कुमार का प्रैक्टिकल एग्जाम था। लेकिन उसको बाइक चलाना नहीं आता है, ईसलिए विक्रम बाइक चला रहा था।