
द्वारका जिला के डाबड़ी इलाके में हुए मर्डर को सुलझाते हुए पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ लिया है। पकड़ा गया 17 वर्षिीय आरोपी के साथ महिला के संबंध थे, पर बाद में वह उससे दूरी बनाने और उसकी अनदेखी करने लगी थी। जो उसे बर्दाश्त नहीं हुआ और एक दिन उसने लोहे के पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसे जलाने की भी कोशिश की थी। फिर शव को नाले के पास लाकर लाकर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की पाइप और एक गाड़ी बरामद की है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 15 नवंबर को एक महिला का शव नाला रोड के नजदीक सीएनजी पंप मलबे से बरामद किया गया था। शव के सिर पर चोट के निशान के साथ ही उसका माथा और निजी अंग जले हुए थे। पुलिस ने इसमें हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही थी। सबसे पहले पुलिस ने महिला की पहचान की और उसके परिजनों और नजदीकी लोगों से पूछताछ की। साथ ही घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी महिला के शव को फेंकता नजर आ गया। टैक्नीकल सर्विलांस से भी उसकी और महिला के बीच संबंध होने का भी पता चला। आखिर में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर शव को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल मारुति वैन कार और लोहे का पाइप बरामद किया। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी ने हत्या वाले दिन महिला को बात करने के बहाने अपने घर बुलाया। घर के अंदर दोनों के बीच बात हुई। इसी दौरान दोनों में कहासुनी हो गई और गुस्साए आरोपी ने उसके सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। वार से गिर जाने के बाद भी वह शांत नहीं हुआ और उसने महिला के चेहरे और निजी अंग को भी जलाने की कोशिश की। इसके बाद महिला का शव गाड़ी में डाल उसे फेंक फरार हो गया।